उज्जैन , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर शहर की आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण के तहत छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान आज कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान किसी के हताहत अथवा घायल होने की सूचना नहीं है और न ही कोई व्यक्ति मलबे में फंसा है।
जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर शहर की आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण को लेकर समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद सहमति बनी थी। इसके बाद चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को समाजजनों द्वारा स्वेच्छा से हटाया जा रहा है। आज चौथे दिन भी प्रभावित हिस्सा हटाने का कार्य शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।
उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रभावित हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के दौरान धर्मगुरु और समाज के लोग मौके पर मौजूद थे, जिनसे प्रशासन द्वारा चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में स्थिति शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है।
शाही मस्जिद क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर छत्री चौक और आसपास के पुराने शहर के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की गई है तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इससे क्षेत्र के बाजारों और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से दुकानें बंद रहने के कारण कारोबार प्रभावित हुआ है। छत्री चौक, लखेरवाड़ी, सराफा, गोपाल मंदिर और आसपास के बाजारों में भी व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को मस्जिद कमेटी के सहयोग से पिछले तीन दिनों से हटाने का कार्य जारी है। बुधवार रात भी कार्य जारी रहा और गुरुवार को भी इसे जारी रखा गया। उन्होंने कहा कि इमारत ऊंची होने के कारण मलबा गिरने की संभावना बनी रहती है और प्रशासन का प्रयास है कि कार्रवाई जल्द पूरी की जाए।
उन्होंने बताया कि आरपीएफ और सीआरपीएफ के जवान क्षेत्र में तैनात हैं तथा लगातार गश्त कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है और पुलिस की सोशल मीडिया टीम 24 घंटे निगरानी कर रही है।
श्री शर्मा के अनुसार मामले में अब तक आठ प्राथमिकी दर्ज कर 33 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित