पटना , फरवरी 24 -- ेंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा किचौकीदार-दफादार साथियों पर लाठीचार्ज की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है।
श्री पासवान ने आज अपने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि पटना में अपनी जायज़ मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे चौकीदार-दफादार साथियों पर लाठीचार्ज की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि गांवों की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ रहे इन वफादार कर्मियों की आवाज़ को बल प्रयोग से दबाना किसी भी संवेदनशील व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
श्री पासवान ने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि चौकीदार-दफादार साथियों की समस्याओं तथा उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर हमारी पार्टी ने निर्णय लिया है कि सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री से शीघ्र भेंट करेगा। यह प्रतिनिधिमंडल एक विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें उनकी उचित मांगों के समाधान, सेवा-संबंधी समस्याओं के स्थायी निराकरण तथा दोषी प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग शामिल होगी।
केंद्रीय मंत्री श्री पासवान ने कहा कि वह स्वयं भी इस विषय पर मुख्यमंत्री से मिलकर चौकीदार-दफादार साथियों की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिये आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करेंगे और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि सुधार के नाम पर वर्षों से सेवा दे रहे परिवारों की आजीविका और गरिमा से समझौता स्वीकार्य नहीं है। गांवों की सुरक्षा करने वालों का सम्मान और भविष्य सुरक्षित रखना समाज एवं सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित