अलवर , जुलाई 25 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सिविल लाइन स्थित रायल कॉम्प्लेक्स की प्रथम मंजिल पर बनी एक कपड़े की दुकान में अज्ञात चोरों ने शुक्रवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए करीब एक लाख 80 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना का पता शनिवार सुबह दुकान मालिक के पहुंचने पर लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पीड़ित अरुण गुप्ता ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखी करीब एक लाख 80 हजार रुपये की नकदी नदारद थी, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ों का सामान पूरी तरह सुरक्षित मिला। जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे सीधे नकदी चोरी करने के इरादे से ही दुकान में घुसे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित