ऋषिकेश , मई 04 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर इलाके में देर रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गढ़ी रोड स्थित सीएनजी पंप के पास हाईवे किनारे बने एक घर को चोरों ने निशाना बनाया और बेखौफ अंदाज में सेंधमारी कर दी।

जानकारी के अनुसार, घटना करीब रात 12 बजे की है, जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। इसी दौरान चोर दबे पांव घर के बाहर पहुंचे और मौके का फायदा उठाते हुए नल एवं टोटियां उखाड़कर ले जाने लगे। हैरानी की बात यह रही कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें चोरों की हरकतें साफ नजर आ रही हैं।

इसी बीच चोरों की आहट लगते ही आसपास के लोगों की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। मोहल्ले वालों के एकजुट होते ही चोर घबराकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश रफूचक्कर हो चुके थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की वारदातों पर लगाम लगाई जा सके।

वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही सीसीटीवी के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित