खरगोन , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में अनाज व्यापारी के मुनीम से दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए 23 लाख 30 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। इस उपलब्धि पर व्यापारी संघ और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि 21 अप्रैल को साक्षी सेल्स फर्म के मुनीम ताहिर बैंक से 27 लाख रुपए निकालकर लौटे थे। इनमें से 2 लाख 70 हजार रुपए भुगतान करने के बाद शेष राशि कार में रखी थी। दाता हनुमान मंदिर गली में चाय पीने के दौरान कार अनलॉक रहने का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश 23 लाख 30 हजार रुपए से भरा बैग चोरी कर फरार हो गए थे।
मामले में कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित की, जिसमें विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और साइबर सेल को शामिल किया गया। टीम ने पांच दिनों तक लगातार प्रयास करते हुए खरगोन, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर और राजगढ़ सहित छह जिलों के 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवारों की गतिविधियां सामने आईं, जो मुनीम का पीछा करते और बैंक के आसपास रेकी करते नजर आए। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी गिरोह के सदस्यों के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने राजगढ़ जिले के बोडा थाना क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी जंगल क्षेत्र में चोरी की रकम का बंटवारा करने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हालांकि वे मौके पर नगदी से भरा बैग, 23 लाख 30 हजार रुपए और बैंक ऑफ बड़ौदा की चार चेकबुक छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है। इस सफल कार्रवाई पर व्यापारी एसोसिएशन ने पुलिस फंड में 51 हजार रुपए देने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित