जींद , नवंबर 7 -- हरियाणा के जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के गांव कालवन में चोरी के शक में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। इस मारपीट में बिहार निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी बेहोश हो गए।
घटना के बाद आरोपी ग्रामीण तीनों युवकों को रेलवे यार्ड के पास छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान बिहार के भीत भगवापुर निवासी आशीष मिश्रा के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान बिहार के नालंदा निवासी अमन और सेनथली टोला निवासी कैलाश उर्फ बबलू के रूप में हुई है। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के खेतों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसके चलते ग्रामीण रात के समय खेतों में निगरानी कर रहे थे। 5 नवंबर को कालवन गांव के खेतों में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और पूछताछ के लिए रेलवे यार्ड के पास ले गए। इसी दौरान भीड़ का गुस्सा बढ़ गया और लोगों ने तीनों की लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान सिर में चोट लगने से आशीष की मौत हो गई।
गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार, कैलाश उर्फ बबलू की शिकायत पर कालवन गांव के 30 से 35 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित