अगरतला , मई 21 -- त्रिपुरा पुलिस ने अगरतला के पास टेलरबन इलाके में एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनने के मामले में बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी युवक गुरुवार को बर्तन साफ करने का बहाना बनाकर बुजुर्ग महिला राधा रानी देबबर्मा के घर में घुसे और फरार होने से पहले उनके गले से सोने की चेन छीन ली।

महिला द्वारा शोर मचाने पर, स्थानीय निवासी तुरंत हरकत में आये और संदिग्धों को पकड़ लिया तथा पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपियों की पहचान बिहार के कटिहार जिले के पवन कुमार और नीतीश कुमार के रूप में हुई है और माना जा रहा है कि वे पास के इलाकों में भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि आरोपियों ने क्षेत्र में अन्य घरों को निशाना बनाने के लिए बर्तन साफ करने वाला बनकर जाने के तरीके का इस्तेमाल किया होगा। पुलिस ने बताया कि चोरी की गयी सोने की चेन और अपराध में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल बरामद कर ली गयी है और उनकी रिमांड की मांग के लिए उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित