बेमेतरा , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ में बेमेतरा जिले के ग्राम कचरी में एक ग्रामीण ने चोरी की शिकायत पुलिस से करने के बाद अपने परिवार का सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस और जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ग्रामीण ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। उसका आरोप है कि उसके घर में पूर्व में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत उसने थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी पक्ष ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर उसके और उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार कथित सामाजिक बहिष्कार के कारण गांव के लोग उसके परिवार से बातचीत करने से बच रहे हैं और किसी तरह का लेनदेन भी नहीं किया जा रहा है। ग्रामीण का कहना है कि लंबे समय से ऐसी स्थिति का सामना करने के कारण परिवार मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहा है और गांव में सामान्य जीवन जीने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि गांव के एक अन्य व्यक्ति ने जब उसकी मदद करने का प्रयास किया तो उसका भी सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया।
ग्रामीण ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से करते हुए आरोपों की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वह अपनी शिकायत को लेकर पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर कार्यालय भी पहुंचा है।
फिलहाल मामले में पीड़ित की ओर से लगाए गए सामाजिक बहिष्कार के आरोपों पर प्रशासन अथवा पुलिस की जांच और संबंधित दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित