पटना , अप्रैल 13 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने पाटलिपुत्रा थाना क्षेत्र में एक फ्लैट में हुई चोरी का उद्भेदन करते हुए आग्नेयास्त्र एवं भारी मात्रा में चोरी के सामान के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि व्यवस्था 02, सुश्री दिव्यांजलि जायसवाल ने सोमवार को बताया कि 10 अप्रैल को पाटलिपुत्रा थाना अंतर्गत न्यू पाटलिपुत्रा कॉलोनी, जी.डी. मिश्रा पथ स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में स्थानीय थाना की टीम ने मानवीय आसूचना एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड का सफल उद्भेदन किया।
सुश्री जायसवाल ने बताया कि कार्रवाई के क्रम में चोरी की घटना में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।अभियुक्त की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त दो बाइक, घटना के समय पहने गए कपड़े एवं अन्य सामग्री के साथ दो देशी पिस्टल, दो मैगजीन एवं आठ कारतूस बरामद किए गए।साथ ही भारी मात्रा में आभूषण,30,976 रुपया, तीन लैपटॉप, 17 घड़ियां तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए गए।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित