ढाका , अक्टूबर 17 -- बंगलादेश के कप्तान लिटन कुमार दास कूल्हे में लगी चोट के कारण यूएई में चल रही त्रिकोणीय श्रृंखला से बाहर हो गये है। उनकी जगह तौहीद हृदय को टीम की कमान सौंपी गई है।

बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शनिवार को बताया कि एकदिवसीय कप्तान लिटन कुमार दास, यूएई में चल रही त्रिकोणीय श्रृंखला (जिसमें जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान भी शामिल हैं) से बाहर हो गए हैं। इसका कारण उनके कूल्हे (हिप) में लगी चोट है।

बीसीबी के फिजियोथेरेपिस्ट बायेजेदुल इस्लाम खान ने बताया कि शुक्रवार को लिटन ने अपने दाहिने कूल्हे के जोड़ में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद टीम प्रबंधन ने उनका एमआरआई स्कैन कराया, जिसमें जोड़ में एक समस्या का पता चला। इस वजह से वह अब इस ट्राई-सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।

बीसीबी द्वारा जारी एक वीडियो संदेश में बायेजेदुल ने कहा, "कल लिटन कुमार दास ने अपने दाहिने कूल्हे के जोड़ में दर्द की शिकायत की थी। हमने उनका एमआरआई कराया, जिसकी रिपोर्ट से पता चला है कि उनके दाहिने कूल्हे के जोड़ में समस्या है। उन्होंने आज फिटनेस टेस्ट पूरा करने की कोशिश की, ताकि यह देखा जा सके कि वह खेल सकते हैं या नहीं। हालांकि, वह हमारे तय किए गए बेंचमार्क तक नहीं पहुंच पाए, इसलिए वह इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। लिटन की गैर-मौजूदगी में वनडे उप-कप्तान तौहीद हृदय टीम की कमान संभालेंगे।"मेहदी अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। इस बीच, बीसीबी अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने ट्राई-सीरीज से मेहदी हसन मिराज को बाहर नहीं माना है। हालांकि, बुखार के कारण वह स्टेडियम नहीं आए और होटल में ही रुके रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित