वेलिंग्टन , अक्टूबर 09 -- चोट के कारण न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन और जैक फॉक्स भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जॉश क्लर्कसन और ब्लेयर टिकनर को टीम में शामिल किया गया है।
चैपमैन पिछले महीने यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग में की बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी और वह अब तक इससे उबर नहीं पाए हैं। वहीं फॉक्स को हाल ही में कैंटरबरी के अभ्यास सत्र के दौरान दाहिने हिप में चोट लगी थी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान में कहा, "फॉक्स की मैदान पर वापसी की समयसीमा अभी तय नहीं हुई है। वहीं चैपमैन भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध होने की राह पर हैं।"मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, "मार्क और ज़ैक के लिए मुझे बहुत निराशा है और मैं दोनों के जल्द और अच्छी तरह ठीक होने की कामना करता हूं। हम जॉश और ब्लेयर की विशेषज्ञता का लाभ उठा सकते हैं, यह हमारे लिए अच्छी बात है। मुझे पता है कि दोनों इस सीरीज का हिस्सा बनने को लेकर बहुत उत्साहित हैं, जो एक शानदार टी-20 सीरीज बनने जा रही है।"रचिन रवींद्र पहले ही इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। एक प्रोमो शूट के दौरान कैच लेने की कोशिश में सेफ्टी मैट पर असहज तरीके से गिरने के कारण उनके कंधे में अजीबोगरीब चोट लग गई थी। उनके भी वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है।
ऐडम मिल्न एक साल से अधिक समय बाद अपना पहला टी-20 खेलने की कतार में हैं। वह लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, जैकब डफ़ी और ब्लेयर टिकनर के साथ तेज गेंदबाजों के एक मजबूत समूह का हिस्सा हैं। ऑलराउंडरों में नेथन स्मिथ और क्लर्कसन भी शामिल हैं। पांच टी-20 मैच 22 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच खेले जाएंगे, जबकि पांच वनडे 4 नवंबर से 15 नवंबर के बीच होंगे। इसके बाद दोनों टीमें दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित