लंदन , जून 29 -- ब्रिटेन की टेनिस खिलाड़ी एम्मा रादुकानू ने चोट के कारण ओपनिंग राउंड से ठीक पहले विंबलडन 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है।
टेनिस क्ले कोर्ट सीज़न के खत्म होने के बाद से ही यह ब्रिटिश खिलाड़ी रादुकानू दाहिने पैर की बार-बार होने वाली चोट से जूझ रही थीं। रविवार (28 जून) को हुए स्कैन में उनके दाहिने पैर के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर का पता चला।
रादुकानू ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर पोस्ट में कहा, "मैंने कल शुरुआत करने के लिए हर संभव कोशिश की, लेकिन आज रात हुए आखिरी स्कैन के बाद पता चला कि जिस हल्की चोट को मैं संभाल रही थी, वह अब स्ट्रेस फ्रैक्चर में बदल गई है। मुझे डॉक्टर्स ने सलाह दी है कि मैं जबरदस्ती खेलना जारी न रखूं।"अपने घरेलू मेजर टूर्नामेंट से पहले ब्रिटिश महिला नंबर 1 खिलाड़ी से काफी उम्मीदें थीं। 23 साल की यह खिलाड़ी इस महीने लंदन में क्वींस क्लब के फाइनल तक पहुंचकर शानदार फॉर्म में वापसी करती हुई दिख रही थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित