चेन्नई , अप्रैल 16 -- दाई जांघ में चोट के कारण चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शेष मैचों से बाहर हो गये हैं।

सीएसके की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, "इस चोट को ठीक होने में 12 हफ्तो से अधिक का समय लगेगा।"खलील की चोट से सीएसके की मुश्किलें और बढ़ गई हैं, क्योंकि टीम पहले से ही एमएस धोनी और नाथन एलिस के बिना खेल रही है। धोनी अभी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और उनकी रिकवरी दो सप्ताह से अधिक खिंच चुकी है। हालांकि धोनी टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने पूरी तरह से अभ्यास शुरू नहीं किया है। नाथन एलिस पूरे सीजन से बाहर हैं, जबकि उनके रिप्लेसमेंट स्पेंसर जॉनसन भी चोट से उबर रहे हैं और अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं।

महाराष्ट्र के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी और रामकृष्ण घोष खलील की जगह लेने के विकल्प हैं। जहां बाएं हाथ के मुकेश चौधरी सीधे तौर पर उनकी जगह ले सकते हैं, वहीं घोष दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं जो बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं।

घोष ने 2025-26 घरेलू सीजन में महाराष्ट्र के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने जयपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 42 रन देकर सात विकेट लिए थे। इसी टूर्नामेंट में उन्होंने मुंबई के खिलाफ 27 गेंदों पर नाबाद 64 रन भी बनाए थे।

सीएसके ने अब तक पांच मैचों में दो जीत हासिल की हैं और अब उनका अगला मुकाबला शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित