हांसी , जून 01 -- हरियाणा में हांसी के चैनत गांव में सोमवार को भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध करते हुए हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे तथा पाइपलाइन को उखाड़ने का प्रयास किया।
पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने में सफल न होने पर उन्होंने हांसी-बरवाला रोड पर बड़े पाइप डालकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजेश खोथ, उपाधीक्षक रविंद्र सांगवान, सदर थाना प्रभारी और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ग्रामीण पिछले 17 दिनों से धरने पर बैठे हैं और पाइपलाइन से गांव को भी पेयजल कनेक्शन देने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने पहले ही प्रशासन को चेतावनी दी थी कि मांग पूरी नहीं होने पर वे पाइपलाइन उखाड़ने की कार्रवाई करेंगे।
यह पाइपलाइन बरवाला के राजली भाखड़ा हेड से हांसी शहर तक बिछाई जा रही है। लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य हांसी शहर में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करना है।
करीब 30 किलोमीटर लंबी इस पाइपलाइन का निर्माण कार्य राजली से चैनत गांव तक पहुंच चुका है। परियोजना के तहत पाइपलाइन को चैनत गांव से होकर हांसी तक ले जाया जाना है। ग्रामीणों का कहना है कि जब पाइपलाइन उनके गांव से गुजर रही है, तो उन्हें भी इसका लाभ मिलना चाहिए।
प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना विशेष रूप से हांसी शहर की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार की गयी है, इसलिए वर्तमान योजना के तहत चैनत गांव को इससे पानी उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित