जशपुरनगर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चैत्र नवरात्र और रामनवमी के पावन अवसर पर अपने गृह निवास बगिया में परिवार सहित विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और उनके परिजनों को मां दुर्गा के स्वरूप मानी जाने वाली नव कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाने का सौभाग्य भी हासिल हुआ।

मुख्यमंत्री निवास बगिया में चैत्र नवरात्र के अवसर पर रामनवमी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जो 25 मार्च से प्रारंभ हुआ है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रद्धा और भक्ति के साथ शामिल होकर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मार्च को चैत्र शुक्ल पक्ष सप्तमी के अवसर पर कलश यात्रा, मूर्ति स्थापना, पूजन, हवन और आरती के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके बाद 26 मार्च को अष्टमी पर पूजन, हवन, आरती, प्रवचन और भक्ति कार्यक्रम संपन्न हुए। 27 मार्च को नवमी के अवसर पर विशेष पूजन, हवन, नवकन्या पूजन और पूर्णाहूति आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित