राजनांदगांव, 02 मार्च 2026 ( वार्ता ) प्रशासन ने छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिला के डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर में 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्रि मेला की तैयारियां शुरू कर दी है।

यहां कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक हर्षिता बघेल और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिसकी जानकारी आज जिल प्रशासन ने दी। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि के दौरान देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि पदयात्रियों और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेले के दौरान पेयजल और बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में ओआरएस घोल, जीवन रक्षक दवाइयों और प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऊपर और नीचे स्थित दोनों मंदिरों में डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी। अंजोरा से अछोली तक लगने वाले सेवा पंडालों में विश्राम, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी।

कलेक्टर ने मेला क्षेत्र को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त रखने और सतत साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग को मेला क्षेत्र में बिकने वाले मिष्ठान एवं खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित