पटना , मार्च 11 -- इस वर्ष 22 से 25 मार्च तक मनाये जाने वाले चैती छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने अधिकारियों को मानकों के अनुसार दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी प्रमुख नदी घाटों पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमों और गोताखोरों को तैनात रखने तथा गंगा नदी में रिवर पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने पर्व के दौरान नदियों में निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का भी आदेश दिया है।
इसके अलावा घाटों पर मेडिकल टीम को सक्रिय रखने, ग्राम रक्षा दल और नागरिक सुरक्षा के वॉलंटियर्स की प्रतिनियुक्ति करने और सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने का निर्देश भी दिया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
जिला प्रशासन के अनुसार, चैती छठ महापर्व के तहत 22 मार्च को नहाय-खाय, 23 मार्च को खरना, 24 मार्च को संध्याकालीन अर्घ्य और 25 मार्च को प्रातःकालीन अर्घ्य दिया जायेगा। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम कर श्रद्धालुओं के लिये सुरक्षित और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित