चेन्नई , अगस्त 16 -- सीमा शुल्क वायु खुफिया इकाई के अधिकारियों ने चेन्नई के अन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 2.65 करोड़ रुपये कीमत का 1,967 ग्राम सोना ज़ब्त किया और एक महिला समेत म्यांमार के दो नागरिकों को गिरफ़्तार किया।

दोनों शनिवार शाम बैंकॉक से चेन्नई आए थे।

रविवार को यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, अधिकारियों ने बैंकॉक से आए दो म्यांमार के नागरिक यात्रियों, एक महिला और एक पुरुष, को रोका। उनकी तलाशी लेने पर उनके शरीर के भीतर ठोस टुकड़ों और रबर के पाउच व एडहेसिव टेप में लिपटी पैलेटों के रूप में छिपाकर रखे गए सोने के कटे हुए टुकड़े बरामद हुए।

बरामद किए गए सोने का वज़न 1,967 ग्राम है और इसे 24-कैरेट सोना प्रमाणित किया गया है; इसकी कीमत 2,65,82,500 रुपये है। इस अवैध सामान को ज़ब्त कर लिया गया और दोनों यात्रियों को सीम शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ़्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच चल रही है।

चेन्नई सीमा शुल्क अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने सामान या शरीर पर सोना या प्रतिबंधित सामान छिपाकर न ले जाएं। साथ ही, यह भी दोहराया है कि तस्करी की कोशिश करने पर सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गंभीर कानूनी परिणाम और कड़ी सज़ा हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित