चेन्नई , जून 03 -- तमिलनाडु के चेन्नई शहर के एक निजी अस्पताल ने 16 वर्षीय किशोरी के सिर का आपरेशन किये बिना जटिल सर्जरी को अंजाम दिया है। चिकित्सकीय भाषा में इसे 'माइक्रो-आर्टेरियोवेनस मालफॉर्मेशन' (एवीएम) सर्जरी कहा जाता हैइस प्रकिया में लड़की की जांघ में एक छोटा सा छेद बनाकर यह मस्तिष्क सर्जरी की गई। एवीएम रक्त वाहिकाओं का एक असामान्य जाल होता है जिसमें धमनियां केशिकाओं के बजाय सीधे नसों से जुड़ी होती हैं। तिरुवल्लूर ज़िले की इस स्कूली छात्रा की जब सेरेब्रल डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी की गई तो उसमें माइक्रो-एवीएम का पता चला। यह मस्तिष्क के पिछले भाग में पाया गया, जिसमें फीडर्स एंटीरियर कोरॉइडल धमनी से आ रहे थे और इन्फीरियर सैजिटल साइनस में जा रहे थे।
रेला अस्पताल की सर्जिकल टीम ने लड़की की जांघ में एक छोटा-सा छेद करके यह सर्जरी की। लगभग 0.007 इंच आकार की बहुत बारीक नलियों को रक्त वाहिकाओं के रास्ते से गुज़ारकर मस्तिष्क में मौजूद रक्त वाहिकाओं के एक दुर्लभ एवं असामान्य जुड़ाव तक पहुंचाया गया। इस प्रक्रिया में एक विशेष मेडिकल ग्लू (लिक्विड एम्बोलिक एजेंट) का इस्तेमाल रक्तस्राव के लिए ज़िम्मेदार असामान्य रक्त वाहिकाओं को सील कर रक्त संचार को सामान्य किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित