अंबिकापुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र की तीन युवतियों के तमिलनाडु के चेन्नई स्थित कांचीपुरम में फंसे होने का मामला आज उस वक्त सामने आया जब युवतियों ने घर लौटने में आ रही परेशानियों को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क कर मदद मांगी। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने प्रशासन और पुलिस को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर, बेलजोरा और बिनई की रहने वाली तीन युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहले जशपुर में लगभग तीन माह तक सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद बेहतर नौकरी और प्लेसमेंट का आश्वासन देकर उन्हें चेन्नई के कांचीपुरम ले जाया गया।

बताया गया है कि दो युवतियों और एक युवक ने प्लेसमेंट की व्यवस्था कराने के नाम पर उन्हें दक्षिण भारत भेजा था। अब जब युवतियां अपने गृह क्षेत्र लौटना चाहती हैं, तब उनसे 10-10 हजार रुपये जमा करने की मांग की जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह राशि जुटाना कठिन साबित हो रहा है।

युवतियों ने चेन्नई से ही मोबाइल फोन के माध्यम से विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क कर अपनी स्थिति से अवगत कराया और सुरक्षित घर वापस लाने की अपील की। विधायक ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर युवतियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित