चेन्नई , जून 20 -- तमिलनाडु में चेन्नई और आस-पास के इलाकों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने बादल छाये तथा बारिश का अनुमान जताया गया है।
पिछले कुछ दिनों से चेन्नई शहर और उसके आस-पास के इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी और लू का प्रकोप जारी था और तापमान करीब 38 डिग्री पहुँच गया था। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। सुबह से छाए काले बादलों की वजह से तापमान में गिरावट आई है, जिससे इस घनी आबादी वाले महानगर के लोगों को काफी राहत मिली है।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में चेन्नई से लगभग 80-100 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में बादलों का एक बड़ा घेरा बनने के कारण चेन्नई और आस-पास के इलाकों में बादल छाए और उमस बढ़ गयी। धूप कम होने के कारण दिन का तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। साथ ही समुद्र की ओर से चलने वाली तेज़ हवाएँ नमी लेकर आ रही हैं।
शहर में हालांकि बड़े पैमाने पर भारी बारिश होने का अनुमान नहीं है लेकिन चेन्नई सहित उत्तरी तटीय इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने चेन्नई और पड़ोसी जिलों चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर और विल्लुपुरम के साथ-साथ उत्तरी अंदरूनी जिलों तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर, रानीपेट - और रामनाथपुरम, पुदुकोट्टई, इरोड और शिवगंगा जिलों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और आंधी-तूफान तथा बिजली गिरने का अनुमान जताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित