चेन्नई , फरवरी 24 -- तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक प्रतीक चेन्नई एग्मोर रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। यह स्टेशन चेन्नई के चार प्रमुख इंटरसिटी टर्मिनलों में से एक है और अपनी गोथिक स्थापत्य शैली के लिए प्रसिद्ध है।
दक्षिण रेलवे के सूत्रों के अनुसार, स्टेशन को आधुनिक, एकीकृत और यात्री-अनुकूल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक पुनर्विकास परियोजना चलायी जा रही है, जबकि इसकी ऐतिहासिक गोथिक वास्तुकला को संरक्षित रखा जा रहा है। यह स्टेशन वर्ष 1906-1908 के बीच दक्षिण भारतीय रेलवे कंपनी के टर्मिनस के रूप में निर्मित हुआ था और आज भी शहर के प्रमुख स्थलों में शामिल है।
दशकों में यात्री संख्या में तेज वृद्धि के कारण मौजूदा बुनियादी संरचना पर काफी दबाव बढ़ा है। इसे ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने बड़े पैमाने पर पुनर्विकास परियोजना को मंजूरी दी है, जिससे सुविधाओं का उन्नयन और यात्री अनुभव में सुधार हो सके।
गांधी-इरविन रोड (जीआई) साइड टर्मिनल की ओर दो मंजिला (जी 2) नया टर्मिनल भवन बनाया जा रहा है, जिसमें विशाल आगमन एवं प्रस्थान लॉबी, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, विश्राम गृह, व्यावसायिक एवं खुदरा दुकानें, एग्जीक्यूटिव लाउंज, लिफ्ट और एस्केलेटर शामिल होंगे।
पूनामल्ली हाई रोड (पीएच) की ओर नया आधुनिक टर्मिनल चेन्नई मेट्रो रेल स्टेशन के ऊपर बनाया जा रहा है, जिससे रेल और मेट्रो के बीच निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा। बेसमेंट में दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। इस टर्मिनल में भी जीआई साइड जैसी सभी यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दोनों टर्मिनल भवनों को एलिवेटेड ट्रैक क्रॉसिंग संरचनाओं, आगमन एवं पार्सल फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और प्रस्थान कॉनकोर्स से जोड़ा जाएगा।
गांधी-इरविन रोड साइड पर जी 5 मंजिला मल्टी-लेवल कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। भूतल और प्रथम तल पर व्यावसायिक स्थल, द्वितीय सेचतुर्थ तल तक वाहन पार्किंग और पांचवें तल पर बजट होटल, बैंक्वेट हॉल एवं कैफेटेरिया की योजना है। पार्किंग तल का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य तल पर फिनिशिंग कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार की संरचना पीएच साइड पर भी विकसित की जा रही है।
रेलवे पार्सल और रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) के लिए समर्पित भवन तैयार हो चुका है और पहली मंजिल आरएमएस को सौंप दी गयी है। लिफ्ट शुरू होने के बाद पार्सल संचालन पूरी तरह नये भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
परियोजना पूरी होने के बाद चेन्नई एग्मोर स्टेशन आधुनिक, एकीकृत और यात्री-केंद्रित परिवहन केंद्र के रूप में उभरेगा, जिसमें बेहतर आवागमन व्यवस्था, उन्नत सुविधाएं, संगठित पार्किंग, मेट्रो कनेक्टिविटी और संरक्षित विरासत वास्तुकला का समावेश होगा।
इस परिवर्तनकाल के दौरान यात्रियों के सहयोग के लिए चेन्नई मंडल ने आभार व्यक्त किया है। पुनर्विकास कार्य के कारण चेन्नई बीच-तांबरम-चेंगलपट्टु सेक्टर में 45 दिनों के लिए 44 ईएमयू सेवाएं रद्द की गयी हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार अतिरिक्त बसें चला रही है, जबकि चेन्नई मेट्रो रेल ने भी अतिरिक्त ट्रेनें संचालित करने का निर्णय लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित