चेन्नई , अक्टूबर 22 -- दक्षिणी रेलवे के चेन्नई उपनगरीय नेटवर्क में चेन्नई सेंट्रल - अराकोणम खंड में एयर-कंडीशंड ईएमयू (एसी ईएमयू) सेवा शुक्रवार से से दो दिनों के लिए परीक्षण के तौर पर शुरू होगी और सोमवार से नियमित सेवाएं शुरू हो जायेंगी।

दक्षिण रेलवे के सूत्रों के मुताबिक नियमित सेवाएं सप्ताह में 5 दिन सोमवार से शुक्रवार तक चलेंगी जबकि शनिवार और रविवार को ये सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। चेन्नई उपनगरीय रेलवे नेटवर्क में यह दूसरी एसी ईएमयू सेवा होगी। इससे पहले 19 अप्रैल, 2025 को चेन्नई बीच - चेंगलपट्टू सेक्शन में पहली एसी ईएमयू सेवा शुरू की गयी थी, जो सफलतापूर्वक चल रही है और इसमें यात्रियों की अच्छी संख्या देखने को मिल रही है।

उन्होंने बताया कि 23 और 24 अक्टूबर को चेन्नई सेंट्रल - अवाडी - अराकोणम सेक्शन में तीन जोड़ी एसी ईएमयू सेवाएं ट्रायल के तौर पर चलाई जायेंगी (इनमें चेन्नई सेंट्रल - अवाडी, चेन्नई सेंट्रल - अराकोणम और अवाडी - अराकोणम रूट पर एक-एक जोड़ी शामिल है)।

चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में बनीं ये अत्याधुनिक 12-कार वाली एसी ईएमयू ट्रेनें कई आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें मेट्रो जैसा आराम मिलता है और इनकी क्षमता लगभग 5,000 यात्रियों को ले जाने की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित