दुर्ग , अक्टूबर 15 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिसकर्मी के बेटे चेतन साहू की हत्या के मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायालय ने रोशनी लकड़ा, आकाश देशलहरा और कुलेश्वर साहू को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने बुधवार, को सुनाए अपने फैसले में तीनों दोषियों पर विभिन्न धाराओं के तहत जुर्माना भी लगाया है।

अभियोजन से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार यह मामला 29 दिसंबर 2024 की रात हुई चेतन साहू की हत्या से संबंधित है। न्यू पुलिस लाइन, दुर्ग निवासी चेतन साहू की रोशनी लकड़ा से पहले दोस्ती थी। चेतन की मां और रोशनी की मां दोनों पुलिस विभाग में आरक्षक थीं। पुलिस लाइन में निवास के दौरान चेतन और रोशनी के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं।

बाद में रोशनी की मां का तबादला सरगुजा हो गया और वह भी अपनी मां के साथ वहां चली गई। इस दौरान रोशनी की नजदीकियां एक अन्य युवक से बढ़ गईं। पुलिस जांच के मुताबिक, इसके बावजूद चेतन लगातार रोशनी से मिलने का प्रयास कर रहा था।

दिसंबर 2024 में रोशनी अपनी मां के साथ दुर्ग पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद चेतन ने उससे संपर्क करना शुरू किया। लगातार फोन आने से परेशान रोशनी ने इसकी जानकारी अपने नए प्रेमी को दी। इसके बाद प्रेमी के कहने पर रोशनी ने चेतन को कसारीडीह सिविल लाइन स्थित क्वार्टर के पास मिलने के लिए बुलाया।

अभियोजन के मुताबिक, 29 दिसंबर 2024 की रात करीब 8:30 बजे आयुष्मान हॉस्पिटल के पास चेतन साहू के साथ विवाद के बाद मारपीट की गई। हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों और घातक हथियारों से हमला किया। गंभीर चोटें आने के कारण चेतन की मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कई संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने रोशनी लकड़ा, आकाश देशलहरा और कुलेश्वर साहू के अलावा तीन नाबालिगों को भी पकड़ा था। मामले में हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस की विवेचना और न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर प्रथम अपर सत्र न्यायालय, दुर्ग ने तीनों वयस्क आरोपियों को दोषी ठहराया। उपलब्ध सजा वारंट के अनुसार, न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/190 और 61(2) के तहत आजीवन कारावास तथा 500-500 रुपए जुर्माना लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित