उज्जैन , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चेटीचंड का पर्व अखंड भारत की याद दिलाकर भारतीयों के हृदय में अखंड भारत का सपना जागृत रखता है। मुख्यमंत्री ने यह उद्बोधन उज्जैन के टावर चौक पर चेटीचंड महापर्व के अवसर पर आयोजित सिंधी समाज के चल समारोह के शुभारंभ पर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विक्रम संवत 2083 के अवसर पर बाबा श्री महाकाल की नगरी से देश-प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान झूलेलाल की कृपा से सभी नागरिक स्वस्थ और खुशहाल रहें तथा देश की प्रगति में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि सामाजिक उत्सवों से आपसी प्रेम और आत्मीयता बढ़ती है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सिंहस्थ 2028 के लिए सरकार विभिन्न विकास कार्य कर रही है और आगामी सिंहस्थ से उज्जैन को वैश्विक पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चेटीचंड का पर्व भारतीयों के मन में अखंड भारत की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने राष्ट्रगान का उल्लेख करते हुए सिंध और सिंधी समाज के योगदान को स्मरण किया और कहा कि अखंड भारत हर भारतीय का सपना है। साथ ही उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य की वीरता, न्यायप्रियता और दानशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित