अंबिकापुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले में रोजगार गारंटी योजना के तहत चेक डैम निर्माण में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर पूछे गए सवालों पर सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भड़क गईं और जवाब देने से इंकार कर दिया। मामले में 30 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले कार्यों की जांच जारी है।
अंबिकापुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने विधायक उद्देश्वरी पैकरा से बलरामपुर जिले के राजपुर और शंकरगढ़ क्षेत्र में चेक डैम निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछे। इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस भ्रष्टाचार के सवालों के जवाब देने के लिए नहीं है और उन्होंने इस विषय पर विस्तार से कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, बलरामपुर जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत करीब 30 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से चेक डैम निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों में लागत से अधिक का एस्टीमेट तैयार कर सरकारी राशि के दुरुपयोग के आरोप सामने आए हैं। विशेष रूप से शंकरगढ़ और राजपुर जनपद क्षेत्रों में इस तरह की अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित