हरिद्वार , मार्च 21 -- त्तराखंड में हरिद्वार जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध असलाह बरामद किया है। साथ ही पूछताछ में दोनों के बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में होने का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार थाना पथरी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बादशाहपुर के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से अलग-अलग बोर के दो देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
मोटरसाइकिल के कागजातों की जांच करने पर पता चला कि उक्त वाहन हरियाणा के यमुनानगर जनपद से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित