ग्वालियर , जून 22 -- मध्यप्रदेश चेंबर आफ कामर्स एंड इण्डस्ट्रीज के चुनावों के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी हो गई।

निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय ने अधिसूचना के साथ ही चेंबर का निर्वाचन कार्यक्रम भी जारी कर दिया। चेंबर के लिये प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया 27 जून से शुरू होगी और मतदान 17 जुलाई को होगा।

श्री विजयवर्गीय ने आज चेंबर आफ कामर्स के सभागार में बताया कि चेंबर आफ कामर्स के 3450 सदस्य अपने छह पदाधिकारी एवं 150 प्रतिनिधियों के लिये अपने मतों का उपयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि चेंबर निर्वाचन को शांतिपूर्वक व सुनियोजित तरीके से करने के लिये तैयारियां जारी है।

निर्वाचन में अध्यक्ष, संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानसेवी सचिव, मानसेवी संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष के लिये विधिवत मतदान 17 जुलाई को प्रातः आठ बजे से सायं पांच बजे तक रहेगा। यहीं समय 150 कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचन का समूहवार रहेगा। मतदान उपरांत 17 जुलाई को ही सायं से मतगणना शुरू होगी, जो देर रात तक पूरी होने तक जारी रहेगी।

श्री विजयवर्गीय ने बताया कि नामांकन भरने का कार्य 27-28 जून, नामांकन पत्रों की जांच 29 जून, नाम वापिसी दो एवं तीन जुलाई को होगी और अंतिम सूची चार जुलाई के बाद चेंबर की बकाया राशि सात जुलाई तक जमा की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि चेंबर के 3450 सदस्यों में से अभी 1278 का शुल्क बचा है, यदि यह सदस्य समय पर राशि जमा नहीं करेंगे तो मताधिकार का उपयोग नहीं कर पायेंगे। इस अवसर पर संयुक्त निर्वाचन अधिकारी अरविंद गौड़ व सह निर्वाचन अधिकारी राजीव अग्रवाल, पीतांबर लोकवानी भी उपस्थित थे।

उन्होंने बताया कि आज से चेंबर विधान के अनुसार आचार संहिता लागू हो गई है। यदि आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत आती है तो संविधान के अनुसार चेंबर के पूर्व पदाधिकारियों की 11 सदस्यीय कमेटी इसकी जांच करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित