चुरु , नवम्बर 10 -- राजस्थान में चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दंपती का करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग पुलिस ने तलाश करके उन्हें लौटाकर उनकी चिंता मिटा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपावली के दिन दम्पती कंचन और हरीश कुमार का सोने चांदी के आभूषणोें से भरा बैग ऑटो रिक्शा में छूट गया। आसपास काफी देर तक तलाश करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने कोतवाली थानेमें सूचना दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देश पर कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और लोगों से पूछताछ के बाद ऑटो चालक महबूब खान का पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस दल ने उसके घर जाकर उससे बैग बरामद किया और सारे आभूषण सुरक्षित हालत में हरीश कुमार को सौंप दिए।
गहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई। बैग वापस मिलते ही परिवार ने पुलिस का आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित