चुरु , मार्च 08 -- भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान के तत्वावधान में रणबांकुरा डिवीजन द्वारा रविवार को चूरू में "गौरव सेनानी रैली" के नाम से पूर्व सैनिक रैली एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार चूरू के एसएआई स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजींदर सिंह, सप्त शक्ति आवा की क्षेत्रीय अध्यक्ष बरिंदर जीत कौर, तथा लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क, जीओसी, चेतक कोर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में चूरु जिले की आठों तहसीलों से आए दस हजार से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, साहसिक गतिविधियां, सैन्य हेलीकॉप्टरों द्वारा युद्ध कौशल प्रदर्शन, सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन तथा मिलिट्री पाइप बंद की प्रस्तुति आयोजित की गई, जिसमें सैनिक परंपरा और राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया।
रैली में विभिन्न रिकॉर्ड ऑफिस, बैंकों तथा सरकारी कल्याणकारी एजेंसियों द्वारा सहायता काउंटर एवं स्टॉल स्थापित किए गए जहां पूर्व सैनिकों की शिकायतों के निवारण, दस्तावेज़ों के अद्यतन, पेंशन संबंधी प्रश्नों और रोजगार के अवसरों के संबंध में सहायता प्रदान की गई। पहली बार राजस्व विभाग द्वारा स्टॉल स्थापित करना इस आयोजन की एक विशेष पहल रही।इसके साथ ही आयोजित चिकित्सा शिविर में प्रतिभागियों को व्यापक स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श भी प्रदान किया गया।
रैली के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में वीर नारियों, वीर माताओं तथा युद्ध में घायल हुए पूर्व सैनिकों को राष्ट्र के प्रति उनके विशिष्ट योगदान और बलिदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त दिव्यांग पूर्व सैनिकों, वीर माताओं और वीरांगनाओं को विभिन्न सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए, जिनमें 16 तीन पहिया स्कूटर, 113 व्हीलचेयर, 80 श्रवण यंत्र , 29 वॉकर्स , 29 पेशेंट बेड् तथा बीपी मशीन शामिल हैं। साथ ही अनेक दिव्यांग पूर्व सैनिकों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित