चूरू , जून 01 -- राजस्थान में चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिला विशेष दल (डीएसटी) के सहयोग से रविवार रात शहर में संचालित एक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने टकनेत हाउस के पास एक मकान पर दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि इस गिरोह का मुख्य आरोपी शिवम सैनी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राकेश कुमार, कुनाल गहलोत, हीरालाल, साजिद, दिनेश राठी और अनिल सैनी सहित कुल सात सटोरिए शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार लैपटॉप, दो कैमरे, 12 एंड्रॉयड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, एक जियो सिम, छह डेबिट कार्ड, तीन बैंक पासबुक, दो चेक बुक, हिसाब-किताब की पर्चियां और वाई-फाई डोंगल बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस मकान में सट्टा संचालन किया जा रहा था, वह फरार आरोपी शिवम सैनी का है। पुलिस के अनुसार शिवम सैनी ऑनलाइन सट्टेबाजी की आईडी हैक करके मैचों के भाव ऊपर-नीचे करता था और वास्तविक बैलेंस से अधिक राशि दिखाकर लोगों के साथ बेईमानीपूर्वक करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार मुख्य आरोपी शिवम सैनी की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित