चुरु , फरवरी 18 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने चूरू जिला परिषद कनिष्ठ सहायक को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की श्रीगंगानगर चौकी में शिकायत की थी कि उनकी ग्राम पंचायत में वर्ष 2023-24 के दौरान मनरेगा के तहत कराये गये विभिन्न कार्यों के लंबित भुगतान कराने की एवज में चुरु जिला परिषद में कनिष्ठ सहायक सुभाषचंद्र शर्मा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जिसमें उसने 10 हजार रुपये फोन-पे के जरिए दे दिये, अब बाकी बचे पांच हजार रुपये की मांग कर रहा है।

सूत्रों ने बताया कि इस पर एसीबी श्रीगंगानगर चौकी के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित दल ने शिकायत के सत्यापन के बाद जाल बिछाकर कनिष्ठ सहायक सुभाष चंद्र शर्मा को परिवादी से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित