जयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सीख लेकर अनर्गल टिप्पणियां कर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

श्री गोदारा ने मंगलवार रात अपने बयान में कहा कि उनके बयान अवसरवादिता और सस्ती राजनीति के परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्रहित ही सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि तेल-गैस आपूर्ति को लेकर श्री जूली महंगाई के संबंध में भ्रामक प्रचार कर रहे हैं जबकि एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है। पहले से बुकिंग अब कम हो रही है जहां फ़रवरी में तीन लाख 30 हजार बुकिंग होती थी, वह अब मार्च अंत में दो लाख 30 हजार पर पहुंच गई है। पहले ओटीपी के माध्यम से 60 प्रतिशत डिलीवरी होती थी। अब यह 96 प्रतिशत हो रही है, जिससे कालाबाजारी पर प्रभावी रोकथाम लगी है। प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति भी सुचारू है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आपदा में अवसर तलाश कर अपनी सस्ती राजनीति चमका रहे हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस हर चीज में नकारात्मकता ढूंढती है जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पश्चिम एशिया की उत्पन्न स्थिति से शानदार तरीक़े से निपटा है।

श्री गोदारा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह और गुटबाजी चरम पर पहुंच गई है। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली में इस बात की प्रतिस्पर्धा रहती है कि कौन ज्यादा से ज्यादा बयान देकर अखबारों की हेडलाइन बने।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित