कोलकाता , मार्च 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले "बाहरी गुंडों और अपराधियों" को इस्तेमाल कर राज्य में भय का माहौल बनाने कर आरोप लगाया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने सॉल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने से रोकने के लिए यह रणनीति अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारियों को धमकाया जा रहा है और बिना किसी प्रशासनिक अधिकार वाले लोग सरकारी दफ्तरों में घुसकर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा, "तृणमूल कांग्रेस अपनी असली प्रकृति पर कायम है। बाहरी लोगों को सरकारी कर्मचारियों को दबाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। यह सरकार अब सिर्फ कागजों पर दो महीने और रहने वाली है।" उन्होंने विश्वास जताया कि जनता राजनीतिक बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में शिक्षकों और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के चित्र वाले सरकारी विज्ञापनों की भी आलोचना की और कहा कि अशांति के बीच इस तरह की प्रचार सामग्री भेजना विरोधाभासी है।

श्री भट्टाचार्य ने चुनाव आयोग पर भरोसा जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव "स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त" वातावरण में कराए जाएं। उन्होंने दावा किया कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, यहां तक कि तृणमूल कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ता भी अब भाजपा से संपर्क कर रहे हैं क्योंकि वे शासन में "वास्तविक बदलाव" चाहते हैं।

आर्थिक मुद्दों पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का औद्योगिक माहौल अभी भी प्रतिकूल है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगभग 79,000 कारखाने बंद हो चुके हैं और 1,000 से अधिक कंपनियां लिक्विडेशन की ओर बढ़ रही हैं। इससे रोजगार और निवेश पर बुरा असर पड़ा है। उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक चिंताओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ईंधन की कीमतों को लेकर गलत सूचना फैलाई जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की कि उन्होंने डीजल पर एक्साइज ड्यूटी और एविएशन सेक्टर में कस्टम ड्यूटी घटाकर आर्थिक स्थिरता बनाए रखी।

संवाददाता सम्मेलन के बाद देश के अनुभवी फुटबॉलर अरिंदम भट्टाचार्य ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वर्ष 2006 से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अरिंदम ने कहा कि वे राज्य के खेल क्षेत्र में पारदर्शिता तथा व्यावसायिकता लाने में योगदान देना चाहते हैं। भाजपा नेताओं ने उन्हें पार्टी का झंडा देकर औपचारिक रूप से स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित