चेन्नई , अगस्त 12 -- मद्रास उच्च न्यायालय ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं तमिझगा वेट्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक विजय को पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली-पूर्व विधानसभा क्षेत्रों से उनकी जीत को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करने के लिए अर्जी दाखिल करने हेतु 25 अगस्त तक का समय दिया।

पेरंबूर निर्वाचन क्षेत्र में श्री विजय से पराजित द्रमुक उम्मीदवार आर.टी. शेखर और अन्य ने उच्च न्यायालय में उनकी जीत को चुनौती दी है।

न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन के समक्ष जब मामला सुनवाई के लिए आया, तो श्री विजय की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ताओं जी. मासिलामणि और श्रीनाथ श्रीदेवन ने कहा कि उनका मुवक्किल अपने खिलाफ दायर चुनाव याचिकाओं को खारिज करने की मांग करते हुए अर्जी दाखिल करना चाहता है। वरिष्ठ वकीलों ने याचिकाएं दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय मांगा और चुनाव मामले की कार्यवाही स्थगित करने का अनुरोध किया।

न्यायमूर्ति लक्ष्मीनारायणन ने चार सप्ताह के स्थगन के उनके अनुरोध को खारिज कर दिया और उन्हें अगली सुनवाई से पहले याचिकाएं दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त तय कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित