पटियाला , अक्टूबर 30 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पटियाला में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च निकाला। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी कांग्रेस किसी राज्य में चुनाव जीतती है तो उसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और ईवीएम पर कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन हारने पर उसके नेता ईवीएम में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोप लगाने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए और चुनावी हार को वोट चोरी बताना मतदाताओं के फैसले का अपमान है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्षी दल इस प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूचियों को अद्यतन करना है। इस प्रक्रिया में दोहरी प्रविष्टियों, मृत मतदाताओं और पते पर नहीं मिलने वाले लोगों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पात्र नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए एसआईआर के मुद्दे का अनावश्यक राजनीतिकरण कर रहे हैं।
श्री ढिल्लों ने कहा कि पिछले तीन महीनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जालंधर आए, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो बार पंजाब का दौरा किया और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी तीसरी बार राज्य पहुंचे। उनके अनुसार, ये दौरे भाजपा नेतृत्व की पंजाब के लोगों के साथ निरंतर संपर्क की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में हाल में हुए विधान परिषद चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और मतदान मतपत्रों के जरिए हुआ था। उन्होंने सवाल किया कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद इन चुनावों में ईवीएम या एसआईआर का मुद्दा कहां था।
उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में नगर निगम और नगर परिषद चुनावों के दौरान विपक्षी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र छीनने और फाड़ने, उम्मीदवारों को डराने तथा उन पर हमले करने की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि पटियाला, मोगा और बाघा पुराना में नए सिरे से चुनाव कराने के संबंध में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली में वोट चोरी के आरोप लगाने वाले अरविंद केजरीवाल से पंजाब में कथित चुनावी अनियमितताओं पर भी जवाब देने को कहा।
श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि राज्य में नशा, हत्याओं, फिरौती और अन्य आपराधिक गतिविधियों के कारण भय का माहौल है। उन्होंने परविंदर सिंह झोटा की हत्या सहित गंभीर मामलों पर केजरीवाल की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है जो लोगों की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य, नशामुक्त समाज और राज्य के समग्र विकास को प्राथमिकता दे।
पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्हें पंजाब पर कलंक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री मान केवल नाम के मुख्यमंत्री हैं और उन्होंने अपनी पगड़ी की गरिमा आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और आप नेता मनीष सिसोदिया के सामने समर्पित कर दी है। श्री जाखड़ ने दावा किया कि पंजाब से जुड़े फैसले मान नहीं, बल्कि दिल्ली में बैठे नेता कर रहे हैं।
पूर्व सांसद महारानी प्रनीत कौर ने कहा कि विपक्षी दलों ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को खतरे में डाला है। उन्होंने निर्वाचन आयोग को संवैधानिक संस्था बताते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक रूप से मुकाबला करने में असमर्थ विपक्ष देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह कर रहा है। मार्च में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, राज्यसभा सांसद एवं सह-प्रभारी अलका गुर्जर, श्री जाखड़, पूर्व सांसद महारानी प्रनीत कौर, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष जैइंदर कौर तथा प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जीवन गर्ग और राजेश बाघा सहित कई नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित