चेन्नई , जून 23 -- हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की हार से गहरे सदमे और तनाव में चल रहे द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के एक 54 वर्षीय पदाधिकारी ने शहर के पलवंतंगल इलाके में खुदकुशी कर ली।

मृतक की पहचान ईसुदास के रूप में हुई है, वह वर्तमान नगर निगम पार्षद के पति थे।

ईसुदास आलंदुर क्षेत्र के वार्ड संख्या 164 के तहत आने वाली नेहरू कॉलोनी के निवासी थे। वह पहले खुद भी पार्षद रह चुके थे और द्रमुक के वार्ड सचिव के रूप में कार्यरत थे। पिछले स्थानीय निकाय चुनावों में यह वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो गया था, जिसके बाद उनकी पत्नी देवी ने द्रमुक के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर पार्षद बनी थीं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ जब देवी ने अपने पति के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने अपने बेटों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़ा, तो अंदर ईसुदास का शव पंखे से लटका हुआ मिला। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पलवंतंगल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्रोमपेट सरकारी अस्पताल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि ईसुदास चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद से भारी मानसिक तनाव में थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह पिछली रात करीब साढ़े दस बजे घर लौटे थे और उन्होंने पार्टी की हार पर काफी देर तक बात करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया था। परिजनों को लगा कि वह हमेशा की तरह इस तनाव से उबर जायेंगे, लेकिन बाद में उन्होंने अपने कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित