चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च 2026 को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की विधानसभाओं के आम चुनाव तथा छह राज्यों में उपचुनाव की घोषणा के बाद तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का आवंटन दो चरणों में रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के जरिए किया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
पहले चरण में जिला स्तर के गोदामों से विधानसभा क्षेत्रों को मशीनें आवंटित की जाती हैं, जबकि दूसरे चरण में विधानसभा क्षेत्र से मतदान केंद्रों तक मशीनों का वितरण होता है। यह प्रक्रिया ईवीएम मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि पहले चरण के रैंडमाइजेशन में करीब 8.85 लाख ईवीएम यूनिट्स (बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट) आवंटित की गई हैं। वहीं, दूसरा रैंडमाइजेशन असम, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों तथा गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को होने वाले उपचुनावों के लिए पूरा किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित