, Sept. 23 -- नयी दिल्ली 23 सितंबर (वार्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव आयुक्तों के बीच विचारों का आदान-प्रदान और चर्चा एक स्वस्थ तथा मजबूत लोकतंत्र की निशानी बताते हुए कांग्रेस पर चुनाव नहीं जीत पाने की वजह से संवैधानिक संस्थानों का बदनाम करने का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही विपक्षी पार्टियां एक-एक करके कमजोर होती जा रही हैं। उन्होंने कहा, "लोकतांत्रिक मैदान में जनता द्वारा न चुने जाने के कारण इन पार्टियों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। इसके बाद विपक्षी दलों विशेषकर कांग्रेस ने जब देखा कि वे चुनाव नहीं जीत सकते, तो उन्होंने हमारे संवैधानिक संस्थानों पर हमला करना और उन्हें बदनाम करना अपना सबसे बड़ा हथियार बना लिया।"उन्होंने कहा कि इसी क्रम में आज कई पार्टियों ने चुनाव आयोग के संबंध में संवाददाता सम्मेलन किया और आयोग पर गंभीर आरोप लगाये।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "मैं आयोग की ओर से जारी किया हुआ प्रेस नोट लाया हूं और मैंने इसे पढ़ा है। मुझे उम्मीद है कि आपने भी इसे पढ़ा होगा।" उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने अपने पहले ही पैराग्राफ में स्पष्ट रूप से लिखा था कि सभी आधिकारिक, लोकतांत्रिक विचार-विमर्श के बाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था। कोई मतभेद नहीं था और वे सभी एक ही राय पर थे।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग या देश का कोई भी संवैधानिक निकाय तानाशाही शासन के अधीन नहीं है। वे लोकतांत्रिक तरीके से काम कर रहे हैं और देश के लोकतंत्र को बनाए हुए हैं।

श्री पात्रा ने कहा कि यदि देश में चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार तीन चुनाव आयुक्त एक-दूसरे से बातचीत और पत्राचार करते हैं, तो इसमें क्या गलत है? यह वास्तव में लोकतंत्र के लिए एक स्वस्थ परंपरा है।

इस दौरान उन्होंने वोट चोरी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियों द्वारा वोट चोरी का यह बार-बार लगाया जाने वाला आरोप के बारे में पश्चिम बंगाल से शुरू करते हैं। बंगाल में 20 विधानसभा सीटों पर सबसे कम अंतर से जीत-हार हुई। इनमें से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने 13 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने एक सीट जीती और भाजपा ने छह सीटें जीतीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित