भुवनेश्वर , मार्च 19 -- ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के एक सरकारी हाई स्कूल की शिक्षिका को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में कथित लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
भुवनेश्वर नगर निगम के गुरुवार को जारी एक आदेश के अनुसार, चंद्रशेखरपुर फेज-II स्थित सरकारी हाई स्कूल की सहायक शिक्षिका रश्मि साहू को सेवा से निलंबित कर दिया गया है।
सुश्री साहू को विधानसभा क्षेत्र संख्या 113 के तहत बूथ संख्या 109 के लिए बूथ लेवल ऑफिसर नियुक्त किया गया था। उन्हें त्रुटिहीन मतदाता सूची सुनिश्चित करने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभ्यास में लगाया गया था। उन पर हालांकि आरोप है कि उन्होंने बिना किसी वैध कारण या पूर्व अनुमति के अपनी ड्यूटी छोड़ दी। उनकी इस अनधिकृत अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही और कर्तव्य में कोताही माना गया है। भुवनेश्वर नगर निगम के आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी चंचल राणा ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32(1) के तहत निलंबन आदेश जारी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित