चंडीगढ़ , मई 15 -- चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी कर जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया है।
श्री लक्की ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर तथा सीएनजी के दामों में करीब दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। कांग्रेस पहले से आशंका जता रही थी कि चुनाव खत्म होते ही ईंधन की कीमतें बढ़ाई जाएंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे किए गए लेकिन अब आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम पहले ही बढ़ चुके हैं और आने वाले समय में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर भी महंगे हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित