अगरतला , अप्रैल 23 -- त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने चुनाव के बाद हुई हिंसा पर चिंता व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने खोवाई, सिपाहीजला और दक्षिण त्रिपुरा जिलों के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद खोवाई, तेलियामुरा, ताकरजला, बॉक्सानगर और सबरूम जैसे क्षेत्रों में तनाव बढ़ा है। दक्षिण त्रिपुरा में हिंसा की घटनाएं अधिक गंभीर बताई जा रही हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो सीटें जीती हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ शरारती तत्वों पर आरोप है कि वे टिपरा मोथा से जुड़े होकर बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे जनजीवन और व्यापार प्रभावित हो रहा है।
भाजपा के कई पार्टी कार्यालयों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं ने चिंता और बढ़ा दी है। श्री साहा ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त कार्यालयों का निरीक्षण किया और स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से बातचीत की।उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार शांति बहाल करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित