नयी दिल्ली , फरवरी 22 -- चुनाव आयोग 24 फरवरी को राजधानी के भारत मंडपम में आयोग और राज्य चुनाव अधिकारियों का एक गोलमेज सम्मेलन बुलाएगा जिसकी अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे। इस सम्मेलन में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी उपस्थित रहेंगे।
चुनाव आयोग ने कहा कि यह सम्मेलन 27 साल के बाद हो रहा है। पिछली बार इसकी बैठक 1999 में हुई थी।
एक आधिकारिक प्रेस नोट के मुताबिक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य चुनाव अधिकारी अपने कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) भी इसमें भाग लेंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग और राज्य चुनाव कार्यालयों के बीच अपने-अपने कानूनी ढ़ांचे के अंदर चुनावी प्रक्रिया का प्रबंध करने में अधिक तालमेल बनाना है। इस चर्चा से विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित