नयी दिल्ली , जनवरी 24 -- चुनाव आयोग रविवार को यहाँ 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी-2026) मनाएगा जिसका थीम "माय इंडिया, माय वोट" और "सिटीजन एट द हर्ट ऑफ़ इंडियन डेमोक्रेसी' टैगलाइन है।

चुनाव आयोग ने शनिवार को बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अपने संबोधन के बाद नव-पंजीकृत युवा मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) प्रदान करेंगी। इसके साथ ही विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग, चुनाव प्रबंधन एवं लॉजिस्टिक्स, नवाचारी मतदाता जागरूकता, आदर्श आचार संहिता का कार्यान्वयन व प्रवर्तन, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण सहित मीडिया से जुड़े विशेष पुरस्कार शामिल हैं।

एनवीडी-2026 के अवसर पर दो प्रकाशनों का विमोचन भी किया जाएगा - "2025: ए ईयर ऑफ इनिशिएटिव्स एंड इनोवेशन्स" तथा "चुनाव का पर्व, बिहार का गर्व", जो बिहार में सफलतापूर्वक संपन्न आम चुनावों पर आधारित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित