कोलकाता , अप्रैल 06 -- चुनाव आयोग ने कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार की चिकित्सा आधार पर तमिलनाडु के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक ड्यूटी से छूट मांगने संबंधी अर्जी खारिज कर दी है और उन्हें सोमवार तक जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के अनुसार, श्री सरकार को बिना देरी किये कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है। आयोग ने उन्हें मौजूदा चुनावों के मद्देनजर तमिलनाडु के तिरुनेलवेली, अंबसमुद्रम, पलायमकोट्टई, नंगुनेरी और राधापुरम चुनाव क्षेत्रों के लिए पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
नियुक्ति के तुरंत बाद श्री सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए इस जिम्मेदारी से राहत देने के लिए आयोग से संपर्क किया था।आयोग ने उनके अनुरोध पर विचार नहीं किया और इसके बजाय सोमवार तक ड्यूटी पर रिपोर्ट करने का सीधे आदेश जारी कर दिया।
श्री सरकार ने 31 जनवरी को कोलकाता पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला था। चुनाव घोषणा के बाद 16 मार्च को चुनाव आयोग ने उन्हें पद से हटा कर अपराध जांच शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) के रूप में तैनात किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित