नयी दिल्ली , जून 09 -- चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कीएकमात्र प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन-पत्र निरस्त किये जाने के मामले में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल को बातचीत करने के लिए बुधवार का समय दिया है।

कांग्रेस ने इस संबंध में आयोग को आज एक पत्र भेजा था। आयोग ने पत्र के जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष को सूचित किया कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल उससे बुधवार दोपहर 12 बजे निर्वाचन सदन में मिल सकता है।

आयोग ने पार्टी से प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का ब्यौरा देने को कहा है।

गौरतलब है कि भोपाल में राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए नियुक्त चुनाव अधिकारी ने सुश्री नटराजन का नामांकन-पत्र आज जांच के दौरान खारिज कर दिया।

राज्य से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होना है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीनों सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि कांग्रेस की ओर से सुश्री नटराजन ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया था। कुल 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधान सभा में इस समय सत्तारूढ भाजपा के 164 और कांग्रेस के 64 सदस्य हैं।

कांग्रेस ने कहा है कि सुश्री नटराजन के नामांकन-पत्र में कोई त्रुटि नहीं थी और न ही उन्होंने अपने बारे में कोई आवश्यक सूचना छुपायी थी। पार्टी ने आरोप लगाया है भाजपा ने साजिश कर के उनके नामांकन पत्र को रद्द करवाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित