कोलकाता , मार्च 17 -- चुनाव आयोग ने 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले चुनावी तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल में वरिष्ठ एवं जिला स्तर के पुलिस अधिकारियों का एक और बड़ा फेरबदल किया है।
आधिकारिक आदेशों के अनुसार आयोग ने महानिरीक्षक (आईजी) और पुलिस आयुक्त रैंक के कुल छह अधिकारियों, एक जिलाधिकारी और 12 पुलिस अधीक्षकों का तबादला कर दिया है। यह चुनाव के दौरान हाल के वर्षों में किए गए सबसे व्यापक पुलिस फेरबदल में से एक है।
इससे पहले चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के तुरंत बाद आयोग ने मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को हटा दिया गया था। इसके अगले ही दिन आयोग ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पीयूष पांडे और कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार का भी तबादला कर दिया था।
इस नये फेरबदल में आयोग ने दक्षिण बंगाल के आईजी और उत्तर बंगाल के आईजी का तबादला कर दिया है। राजीव मिश्रा के स्थान पर डॉ. राजेश कुमार सिंह को दक्षिण बंगाल का आईजी नियुक्त किया गया है, जबकि सुकेश कुमार जैन को उत्तर बंगाल के पद से हटाकर उनके स्थान पर के. जयरामन को आईजी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही आसनसोल-दुर्गापुर, हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर के पुलिस आयुक्तों का तबादला कर दिया गया है और उनके स्थान पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
आयुक्तों के फेरबदल में आसनसोल-दुर्गापुर में सुनील कुमार चौधरी की जगह डॉ. प्रणव कुमार को आयुक्त नियुक्त किया गया है। हावड़ा में आकाश मघारिया की जगह अखिलेश कुमार चतुर्वेदी ने ली है। बैरकपुर के पुलिस आयुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी की जगह अमित कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है, जबकि चंदननगर में कोटेश्वर राव के स्थान पर सुनील कुमार यादव को नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ स्तर पर फेरबदल के साथ-साथ आयोग ने 13 एसपी-रैंक के अधिकारियों का भी तबादला किया है। उत्तर बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में, बारासात में प्रियव्रत रॉय की जगह पुष्पा को एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि कूच बिहार में संदीप कर्रा की जगह जसप्रीत सिंह ने ली है।
बीरभूम में अमनदीप की जगह सूर्य प्रताप यादव को और इस्लामपुर में जोबी थॉमस के. की जगह राकेश सिंह को नियुक्त किया गया है। दक्षिणी और मध्य जिलों में, हुगली ग्रामीण में कमनशीश सेन की जगह कुमार सनी राय ने ली है, जबकि मुर्शिदाबाद में धृतिमान सरकार की जगह सचिन को नियुक्त किया गया है। डायमंड हार्बर में बिप्लब सरकार की जगह ईशानी पॉल को और बसीरहाट में अरिश बिलाल की जगह अलकनंदा भौवाल को नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा मालदा में अभिजीत बनर्जी की जगह अनुपम सिंह ने ली है, जबकि पूर्वी मेदिनीपुर में पारिजात विश्वास की जगह अंशुमान साहा को नियुक्त किया गया है। जंगीपुर में हुसैन मेहंदी रहमान की जगह सुरिंदर सिंह को और पश्चिम मेदिनीपुर में पलाश चंद्र ढाली की जगह पापिया सुल्ताना को नियुक्त किया गया है।
कोलकाता में सेंट्रल डिवीजन की पुलिस उपायुक्त के रूप में कार्यरत इंदिरा मुखर्जी को भी बदल दिया गया है, और येलवाड श्रीकांत जगन्नाथराव ने यह पद संभाला है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि सभी तबादलों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और राज्य सरकार को 18 मार्च सुबह 11:00 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। इसने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक चुनाव से संबंधित किसी भी ड्यूटी में नहीं लगाया जाना चाहिए।
इस बीच अधिकारियों के तबादले पर पश्चिम बंगाल में तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तबादलों के समय और तरीके पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने इन घटनाक्रमों को 'मिडनाइट पर्ज' (आधी रात की छंटनी) बताया और सवाल किया कि प्रशासनिक स्थिरता मद्देनजर रात करीब 12:30 बजे इतने महत्वपूर्ण फैसले कैसे लिए जा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित