नयी दिल्ली/कोलकाता , मार्च 27 -- चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार से राज्यभर में विशाल अभियान की शुरुआत की। आयोग ने "चुनाव का पर्व, पश्चिम बंगाल का गर्व" थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत हावड़ा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया।आयोग ने असम, केरल, पुड्डुचेरी और तमिलनाडु में भी इसी तरह के जागरूकता अभियान तेज कर दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक मतदाता चुनाव प्रक्रिया में भाग लें।
हावड़ा जिले में कार्यक्रम की शुरुआत साइक्लोथॉन से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और पहली बार वोट देने वाले शामिल हुए। रैली सुबह सात बजे हावडा ब्रिज के चेक पोस्ट से शुरू होकर रेल म्यूजियम होते हुए रामकृष्णपुर फेरी घाट पर समाप्त हुई।
आयोग के इस अभियान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मतदान के महत्व को दर्शाया गया। इसके साथ ही नावों के जरिए फेरी सेवा के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में लोकप्रिय एनिमेटेड पात्र 'छोटा भीम' और 'छुटकी' की मौजूदगी ने खासकर युवाओं और नए मतदाताओं को आकर्षित किया और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना, उन्हें मतदान केंद्र, समय और प्रक्रिया की जानकारी देना है। खासतौर पर शहरी मतदाताओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों, युवाओं और पहली बार वोट देने वालों पर फोकस किया जा रहा है।
अभियान में पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विरासत जैसे कालीघाट चित्रकला, पट्टचित्र, छऊ नृत्य, जात्रा थिएटर और बाउल परंपरा को शामिल कर जागरूकता को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को और पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित