नयी दिल्ली , अप्रैल 04 -- चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की सुविधा के लिए 4660 सहायक मतदान केंद्र बनाने के निर्देश दिये हैं।
सहायक मतदान केंद्र उन क्षेत्रों में बनाए जाएंगे जहां मतदाताओं की संख्या प्रति मतदान केंद्र 1200 से अधिक है। इसके अतिरिक्त राज्य में 321 मतदान केंद्रों को मतदाताओं की सुविधा के लिए उनके पहले निर्धारित स्थानों से दूसरी जगह स्थापित किया जाएगा।
आयोग की ओर से शनिवार को दी गयी जानकारी के अनुसार सहायक मतदान केन्द्रों की स्थापना के साथ ही राज्य में इस बार कुल मतदान केंद्र 85379 हो जाएंगे।
राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने इस संबंध में प्रशासन को आवश्यक निर्देश दे दिये हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया है कि सहायक मतदान केन्द्रों की स्थापना और स्थानांतरित मतदान केदों के बारे में संबंधित मतदाताओं को घर-घर जाकर अवगत कराया जाना चाहिए। इस संबंध में व्यापक प्रचार किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को कराए जाएंगे। वहीं, मतगणना चार मई को होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित