नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने चुनाव आयोग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान को उनकी अराजक राजनीति का प्रमाण बताया है।

श्री मल्होत्रा ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि श्री केजरीवाल भ्रम फैलाने और झूठा बयान देने में माहिर हैं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बाद लगभग 47 लाख वोट कम होने को लेकर उनका बयान और चुनाव आयोग पर कटाक्ष उनकी राजक राजनीति का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश की तरह दिल्ली में भी चुनाव आयोग ने पूरा समय देकर पूर्ण पारदर्शी प्रक्रिया का पालन करके एसआईआर कार्य किया जिसमें हर मतदाता को बीएलओ के माध्यम के साथ ही खुद आनलाइन फार्म भरने का अवसर दिया गया। लगभग चार माह चली लम्बी प्रक्रिया में आप ने कभी कोई आपत्ति दर्ज नहीं की, लेकिन अंतिम मतदाता सूची ड्राफ्ट सामने आया है तो वह भ्रम की राजनीति करने पर उतर आये हैं।

श्री मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली की मतदाता सूची में हर वैध एवं वास्तविक मतदाता जिसने आनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से फार्म भरा एवं आवश्यक कागज दिए पंजीकृत हुआ है।

उन्होंने कहा कि कोई भी वैध मतदाता यदि उसका नाम एसआईआर के बाद जारी ड्राफ्ट में नहीं है तो वह केवल दिल्ली में वैध मतदाता होने का प्रमाण देकर एक सितम्बर के बाद पुनः मतदाता पंजीकरण की अर्जी लगा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित